मंगलवार, 6 जनवरी 2015

चुड़ैल 





                                            गूगल से साभार 





घनघोर आश्चर्य
बरसों बाद अब 
सब चाहते हैं उसके मन की शांति 
आज सब का धयान जा रहा है 
उसकी दर्द भरी चीखों पर 
इस कदर 
पहले भी तो चीखती थी दर्द से कराह कर 
तब तो किसी को सुनाई ही नहीं देती 
अनसुनी कर देती थी
घर की चारदीवारी
जो सर्वाधिकार सुरक्षित करती थी
लिंग -भेद के
चूल्हे के पास बैठी ,घर की औरतें
दांतों में दबा पल्लू
छिपा लेती थी अपनी जुबान
और ऐठ जाती थी
घर के पुरुषों की मूँछे
आगे बढ़ जाते राह में गुजरते पथिक
कुछ ठिठककर
कुछ ठठा कर

पर जब से बंध गया है
सामने वाले पीपल पर घंट
जलाया जाने लगा है
उसके नाम का दीप संध्या को
और तख़्त पर बैठ गया है
उसका पति एक लोटा थामे
तब से भयग्रस्त घर में
बेचैनी है
बुलाये जा रहे हैं ओझा ,तांत्रिक
तैयारी हो रही है
महाभागवत की
बाँध कर सात गाँठ वाला बांस
हो रहे हैं सारे प्रयास
शांत करने को वो चीखे
जो न जाने क्यों
अब सब को सुनाई पड रहीं हैं

वंदना बाजपेयी

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें